रामपुर।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी द्वारा आज प्रातः लगभग 10 बजे कलेक्ट्रेट परिसर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की जांच की गई, जिसमें अधिकांश कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी तथा भविष्य में निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
अनुपस्थित कर्मचारियों द्वारा अपने कृत्य पर खेद व्यक्त करते हुए भविष्य में समय से कार्यालय आने का आश्वासन दिया गया, जिसके दृष्टिगत जिलाधिकारी ने उन्हें इस अवसर पर चेतावनी देकर छोड़ दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने नगर मजिस्ट्रेट रामपुर को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10 बजे सभी कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की नियमित जांच सुनिश्चित करें तथा बिना कारण अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध वेतन कटौती सहित नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि इसके बाद भी कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।
इसके अतिरिक्त निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न स्थानों पर गंदगी के ढेर पाए गए। विशेष रूप से कैंटीन परिसर में अत्यधिक गंदगी देखी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने कैंटीन संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संपूर्ण कलेक्ट्रेट परिसर में स्वच्छता, सुव्यवस्थित व्यवस्था एवं अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से साइकिल स्टैंड, कैंटीन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार की गंदगी न पाए जाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में गंदगी अथवा अव्यवस्था पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





