श्रावस्ती, 04 अगस्त 2025 ।
जनपद श्रावस्ती ने सुशासन और पारदर्शिता का एक नया कीर्तिमान रचते हुए माह जुलाई 2025 की आईजीआरएस रैंकिंग में लगातार चौथी बार प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि प्रशासन की सक्रियता और आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की दिशा में किए गए प्रयासों को दर्शाती है।
इस उपलब्धि के केंद्र में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की दूरदर्शी कार्यशैली और सतत निगरानी है। उनके नेतृत्व में प्रतिदिन सुबह 10 बजे जनसुनवाई, शाम 5 बजे लंबित प्रकरणों की समीक्षा और रात 9 बजे असंतुष्ट फीडबैक वाले मामलों का विश्लेषण किया जाता है। इसके साथ ही कॉल सेंटर के माध्यम से सीधे शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर निस्तारण की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति जानी जाती है।
डीएम अजय द्विवेदी ने कहा कि —
“जनसमस्याओं के निस्तारण में लगातार चौथी बार प्रथम स्थान प्राप्त करना हम सभी के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि जिले के सभी विभागीय अधिकारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। मैं सभी अधिकारियों को बधाई देता हूँ और अपेक्षा करता हूँ कि शासन की मंशा के अनुरूप आगे भी आमजन की समस्याओं का समाधान पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता से किया जाएगा।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिकायतकर्ता से सीधे संवाद स्थापित करें और समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
श्रावस्ती की यह सफलता एक बार फिर साबित करती है कि कुशल नेतृत्व और पारदर्शी कार्यप्रणाली से जनआस्था को मजबूती मिलती है।





