लखनऊ, 26 जुलाई 2025 — उत्तर प्रदेश पुलिस के खेलों को अधिक संगठित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज एडीजी पीएसी डॉ. रामकृष्ण स्वर्णकार द्वारा एक महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का आयोजन किया गया। यह बैठक पीएसी मुख्यालय लखनऊ स्थित सभागार में आयोजित की गई, जिसमें सचिव उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड, आईजी पीएसी मुख्यालय, अन्य अधिकारीगण, खेल अधिकारी, टीम प्रशिक्षक और टीम प्रभारियों ने प्रतिभाग किया।
गोष्ठी के दौरान डॉ. स्वर्णकार ने सभी प्रशिक्षकों व टीम प्रभारियों से खेल गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त, एडीजी पीएसी ने निर्देशित किया कि सभी खेल प्रशिक्षक अपने-अपने अभ्यास स्थलों — आरटीसी वाहिनियों या पुलिस लाइनों — में नियमित रूप से खेलों का आयोजन कराएं। साथ ही, योग्य प्रशिक्षु आरक्षी खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें विशेष अभ्यास प्रदान करने पर जोर दिया, जिससे वे आगामी खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
गोष्ठी का उद्देश्य खेलों को नई ऊर्जा प्रदान करना, खिलाड़ियों को प्रेरित करना और उत्तर प्रदेश पुलिस की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना था।





