श्रावस्ती, 22 जुलाई 2025
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड हरिहरपुर रानी के अंतर्गत लक्ष्मणपुर स्थित बी.आर. मॉडर्न पब्लिक स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि विद्यालय बिना किसी मान्यता या पंजीकरण के संचालित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी को मौके पर भाग्यवती शिक्षा संस्थान, लक्ष्मणपुर इटवरिया तहसील भिनगा से संबंधित सोसाइटी रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया, जिसकी मान्यता 26 मई 2025 तक ही थी। जब विद्यालय द्वारा कोई वैध शैक्षिक मान्यता या पंजीकरण संबंधी दस्तावेज नहीं प्रस्तुत किया जा सका, तो जिलाधिकारी ने तत्काल सख्ती बरतते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय को सील करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता और वैधानिक प्रक्रिया से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना मान्यता के संचालित स्कूल न केवल छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हैं, बल्कि यह शिक्षा प्रणाली की साख को भी प्रभावित करते हैं।
इस निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी हरिहरपुर रानी सहित विद्यालय के संस्थापक व प्रबंधन से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।





