best news portal development company in india

श्रावस्ती: जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विभूतिनाथ मंदिर पहुंचकर की पूजा-अर्चना, सावन मेले की तैयारियों का लिया जायजा

SHARE:

श्रावस्ती, 14 जुलाई 2025।

श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने विकास खण्ड सिरसिया स्थित प्राचीन बाबा विभूतिनाथ मंदिर में पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया। दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर सावन मेले की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेला अवधि में सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के अनुकूल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जलाभिषेक और दर्शन-पूजन के लिए आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंदिर परिसर, रजिया तालाब, प्रमुख मार्गों और अन्य शिवालयों की साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य जनसुविधाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं।

उन्होंने बताया कि रजिया तालाब से जल भरकर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं और तालाब के चारों ओर सफाई व्यवस्था मजबूत की जाए। इसके अलावा पेयजल, चिकित्सा शिविर, बैरिकेटिंग, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं मोबाइल टॉयलेट आदि की व्यवस्था भी समय रहते दुरुस्त कर ली जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि नगर पालिका और नगर पंचायतें अपने-अपने क्षेत्रों के शिवालयों के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करें, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी निभाएंगे। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने बताया कि मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और खुफिया पुलिस की भी तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अराजकता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने पुलिस बल को निर्देश दिया कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि सावन मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी भिनगा आशीष भारद्वाज, पुलिस क्षेत्राधिकारी भिनगा, थानाध्यक्ष सिरसिया, मेला प्रबंधक समिति के पदाधिकारी, ग्राम प्रधान तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि श्रावण मेला को शांति, सुरक्षा और स्वच्छता के साथ संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Up Headlines 24
Author: Up Headlines 24

Leave a Comment