best news portal development company in india

भारत-नेपाल सीमा पर द्विपक्षीय समन्वय बैठक सम्पन्न, शांति, सुरक्षा और सहयोग को लेकर लिए गए अहम फैसले

SHARE:

7ef9bc2b-30a7-4ea3-8e14-88557ba5da83

श्रावस्ती, 12 जुलाई 2025।

भारत-नेपाल सीमा से जुड़ी जटिल और संवेदनशील मुद्दों को लेकर एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समन्वय बैठक शुक्रवार को नेपाल राष्ट्र के जिला बांके स्थित नेपालगंज के होटल पौवा में सम्पन्न हुई। इस बैठक में भारत की ओर से जिलाधिकारी श्रावस्ती अजय कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया, एसएसबी कमांडेंट ए.के. वरुण, तथा नेपाल की ओर से सीडीओ बांके धर्मराज जोशी, एसपी राम प्रसाद गर्थि मागर सहित दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में जिलाधिकारी अजय द्विवेदी ने स्पष्ट कहा कि भारत-नेपाल के पारंपरिक और सांस्कृतिक संबंधों की गरिमा को बनाए रखने के लिए सीमा क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना नितांत आवश्यक है। उन्होंने सीमावर्ती नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए दोनों देशों के अधिकारियों के बीच नियमित संवाद की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में उठाए गए प्रमुख मुद्दे:

  • मादक पदार्थों, शराब और गोवंश की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण।
  • मानव तस्करी विशेषकर महिलाओं और बच्चों से जुड़ी घटनाओं की निगरानी।
  • नकली मुद्रा के प्रचलन पर रोक, दोहरी नागरिकता और आपराधिक तत्वों की आवाजाही पर कड़ा पहरा।
  • सीमा पार भारतीय संयुक्त उद्यमों की सुरक्षा हेतु CCTV, फायर सेफ्टी, साइबर सुरक्षा और प्रवेश नियंत्रण जैसे प्रोटोकॉल अपनाने की आवश्यकता।

संभावित बाढ़ पर समन्वय:

जिलाधिकारी द्विवेदी ने वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नेपाल के कुसुम एवं सोनारी बेसिन से जल छोड़े जाने की पूर्व सूचना साझा करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि समय रहते जानकारी मिलने से श्रावस्ती के तटवर्ती गांवों में अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जा सकती है। नेपाल प्रशासन ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई।

वन क्षेत्र और कटाव की समस्या:

जिलाधिकारी ने सीमा क्षेत्र के वन क्षेत्रों में तस्करी, अवैध कटान और वन्यजीव शिकार जैसी गतिविधियों पर रोक के लिए संयुक्त निगरानी की आवश्यकता जताई।

कमांडेंट एसएसबी 62वीं वाहिनी ने ककरदरी बॉर्डर पर राप्ती नदी द्वारा नो मेन्स लैंड में हो रहे कटाव और सीमा स्तम्भों की मरम्मत का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि भारत की ओर के सम संख्या वाले स्तम्भों का रख-रखाव भारत द्वारा, जबकि विषम संख्या वाले स्तम्भों का रख-रखाव नेपाल द्वारा किया जाना है।

पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती ने भारत की ओर से मल्हीपुर व सिरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुईया व ककरदरी बॉर्डर पर विशेष निगरानी की अपेक्षा की।

बैठक का समापन:

बैठक के अंत में दोनों देशों के अधिकारियों ने एक-दूसरे को स्मृति चिन्ह भेंट किए और सामूहिक फोटो सेशन कराया।

इस बैठक में नेपाल राष्ट्र के एसीडीओ उमाकांत अधिकारी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और सीमाई सहयोग को लेकर प्रतिबद्धता जताई।

इस महत्वपूर्ण बैठक से भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में शांति, समन्वय और सुरक्षा को लेकर मजबूत नींव रखी गई है, जिसमें श्रावस्ती के जिलाधिकारी अजय द्विवेदी की पहल और नेतृत्व अहम भूमिका में रहा।

Up Headlines 24
Author: Up Headlines 24

Leave a Comment