श्रावस्ती। वन महोत्सव के तहत बुधवार को जनपद श्रावस्ती में “वृक्षारोपण महाभियान-2025” का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष बेचन राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भिनगा स्थित पीडब्ल्यूडी निरीक्षण भवन में हुई, जहां विधायक रामफेरन पांडेय और जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने उनका स्वागत किया।
इसके उपरांत सभी अतिथिगण सत्र न्यायालय परिसर भिनगा पहुंचे, जहां उन्होंने पौधरोपण किया। जिलाधिकारी अजय द्विवेदी ने पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए 37 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें श्रावस्ती जिले का लक्ष्य 50 लाख पौधे लगाने का है। इनमें से 27 लाख पौधे वन विभाग लगाएगा तथा शेष अन्य विभागों द्वारा लगाए जाएंगे।
अजय द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी मां के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा, “पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पेड़ लगाना जरूरी है। एक पेड़ सैकड़ों जिंदगियों को बचा सकता है।”
इस अवसर पर उपाध्यक्ष बेचन राम, विधायक इंद्राणी वर्मा, जिला अध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा, मत्स्य विभाग के महानिदेशक राजेश प्रकाश (आईएएस), जिला न्यायाधीश राकेश धर दूबे, मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र वर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. धनराज मीणा, एसएसबी कमांडेंट सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसामान्य, स्कूली बच्चों और पत्रकारों को भी पौधे वितरित किए गए ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें। अधिकारियों ने बताया कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और देखभाल के लिए पहले से पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
श्रावस्ती में यह वृक्षारोपण महाभियान पर्यावरण जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसकी अगुवाई स्वयं जिलाधिकारी अजय द्विवेदी कर रहे हैं।





