श्रावस्ती 11 जुलाई 2025
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जून 2025 के लिए जारी सीएम डैशबोर्ड प्रदर्शन रिपोर्ट में जनपद श्रावस्ती को प्रदेश के शीर्ष 5 जिलों में स्थान मिला है। यह रैंकिंग जनसुनवाई, कानून-व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास व राजस्व कार्यों के समग्र मूल्यांकन पर आधारित है।
जिले को यह सम्मान तब प्राप्त हुआ है जब जनपद ने 10 में से 9.07 अंक, यानी 90.70 प्रतिशत स्कोर हासिल किया है। कुल 49 विभागों के 109 कार्यक्रमों की समीक्षा में श्रावस्ती को 88 कार्यक्रमों में A-ग्रेड और 47 में प्रथम स्थान मिला है।
इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी को दिया जा रहा है, जिन्होंने व्यक्तिगत रूप से विभागीय कार्यों की दैनिक निगरानी, योजनाओं के गति और गुणवत्ता पर फोकस और फील्ड में निरंतर समीक्षा बैठकों के ज़रिए पूरे सिस्टम को मजबूती दी।
जिलाधिकारी ने कहा,
“सरकार की मंशा है कि कोई पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। सीएम डैशबोर्ड पर निरंतर निगरानी और परफॉर्मेंस इंडिकेटर के आधार पर काम करने से ही यह रैंकिंग संभव हुई है।”
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। जनपद को शीर्ष स्थान दिलाने का लक्ष्य अब तय किया गया है।
श्रावस्ती की यह उपलब्धि यह दर्शाती है कि जब प्रशासनिक इच्छाशक्ति, पारदर्शिता और नेतृत्व मजबूत हो — तो पिछड़े जिलों को भी शीर्ष पर लाया जा सकता है। जिलाधिकारी अजय द्विवेदी ने इसका सशक्त उदाहरण पेश किया है।





