बाराबंकी।
रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में LLB छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज मामले में सरकार ने सख्त कदम उठाया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए सीओ सिटी हर्षित चौहान को तत्काल निलंबित कर दिया। वहीं, नगर कोतवाली प्रभारी आरके राणा और गदिया चौकी इंचार्ज समेत पूरी पुलिस टीम को लाइन हाजिर कर दिया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य ने पुलिस कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताते हुए सीओ और चौकी इंचार्ज के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी है।
उधर, घायल छात्रों को अस्पताल में भर्ती न मिलने से आक्रोश भड़क गया। नाराज छात्रों ने जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसपी अर्पित विजयवर्गीय को अस्पताल में घुसने तक नहीं दिया। दोनों अधिकारियों को वापस लौटना पड़ा।
रात में राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने घायल छात्रों से मुलाकात की और न्याय का भरोसा दिलाया। गंभीर रूप से घायल छात्रों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
इस पूरे प्रकरण की जांच IG अयोध्या प्रवीण कुमार करेंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।





